युवक लापता, पार्वती नदी घाट पर मिले कपड़े और चप्पलें-मोबाइल:भितरवार में नदी में डूबने की आशंका, खाद-बीज की दुकान जाने घर से निकला था
भितरवार के करहिया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रिछारी कला से खाद-बीज की दुकान के लिए निकला एक 25 वर्षीय युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। पार्वती नदी के खरेरी घाट (वार्ड क्रमांक 14) के पास युवक की बाइक, मोबाइल, बैग और चप्पल लावारिस हालत में मिले हैं, जिससे उसके नदी में डूबने की आशंका जताई जा रही है। लापता युवक की पहचान ललित रावत (25), पिता गजेंद्र रावत, निवासी ग्राम रिछारी कला के रूप में हुई है। परिजन ने बताया कि ललित सिल्हा गांव स्थित अपनी खाद-बीज की दुकान जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक जब वह वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद आने लगा, तो परिजन ने उसकी तलाश शुरू की। नदी किनारे मिला सामान, गोताखोरों ने चलाया सर्च ऑपरेशन मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश करते हुए परिजन और पुलिस भितरवार नगर के खरेरी घाट पहुंचे, जहां ललित की बाइक, चप्पल, बैग और मोबाइल लावारिस हालत में रखे मिले। सूचना मिलते ही एसडीओपी गगन हनवत और भितरवार थाना प्रभारी सुधीर सिंह कुशवाह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर शाम स्थानीय गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई, लेकिन अंधेरा होने और पानी का तेज बहाव होने के कारण रात में सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। गुमशुदगी दर्ज, आज सुबह SDRF चलाएगी सर्च अभियान पुलिस ने परिजन की रिपोर्ट पर गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया है। एसडीओपी गगन हनवत ने बताया कि सोमवार सुबह एसडीआरएफ (SDRF) की टीम के साथ पार्वती नदी में फिर से सघन रेस्क्यू और सर्च अभियान चलाया जाएगा। पुलिस युवक के लापता होने के सभी संभावित कारणों की गहनता से जांच कर रही है।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/pXw4h9o
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/pXw4h9o
via IFTTT
Comments
Post a Comment