डॉ. नरेंद्र कोतवाल ने संभाला एम्स निदेशक का पद:बोले- समयबद्ध और संवेदनशील इलाज जरूरी; सैन्य चिकित्सा प्रशासन का है अनुभव
एम्स भोपाल के नए कार्यपालक निदेशक लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेंद्र कोतवाल ने बुधवार को पदभार संभाल लिया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने अस्पताल के अलग-अलग विभागों और मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मरीज हमारी पहली प्राथमिकता हैं और गुणवत्तापूर्ण, संवेदनशील व समयबद्ध इलाज संस्थान के हर काम का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए। उन्होंने डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करने, समय की पाबंदी रखने और कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल बनाए रखने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने विद्यार्थियों और फैकल्टी से संवाद कर संस्थान की शैक्षणिक और चिकित्सकीय गतिविधियों की जानकारी भी ली। पदभार संभालते ही अस्पताल का किया निरीक्षण
नए कार्यपालक निदेशक ने पदभार संभालने के बाद एम्स भोपाल की विभिन्न व्यवस्थाओं को समझने के लिए अस्पताल का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अलग-अलग विभागों में जाकर मरीजों से जुड़ी स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि अस्पताल आने वाले हर मरीज को बेहतर और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा मिले। मरीज की सुविधा, सुरक्षा और संतुष्टि को इलाज की पूरी प्रक्रिया में केंद्र में रखा जाना चाहिए। बोले- हर काम का उद्देश्य मरीजों को बेहतर सेवा देना
लेफ्टिनेंट जनरल (डॉ.) नरेन्द्र कोतवाल ने कहा कि मरीज संस्थान की पहली प्राथमिकता हैं। उन्होंने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य कर्मचारियों से एकजुट होकर काम करने को कहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल में काम करने वाले हर व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। यदि सभी विभाग और कर्मचारी टीम की तरह काम करेंगे तो इसका सीधा फायदा मरीजों को मिलेगा और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी। विद्यार्थियों और फैकल्टी से भी किया संवाद
कार्यपालक निदेशक ने एम्स भोपाल के विद्यार्थियों और संकाय सदस्यों से भी बातचीत की। उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों और फैकल्टी की चिकित्सकीय व अन्य जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सा संस्थान की प्रगति के लिए शिक्षा, चिकित्सा सेवा, अनुसंधान और टीम भावना का मजबूत होना जरूरी है। एम्स जैसे संस्थान में इन सभी क्षेत्रों के बीच बेहतर तालमेल से ही मरीजों और विद्यार्थियों दोनों को फायदा मिल सकता है। नए कार्यपालक निदेशक ने अधिकारियों, डॉक्टरों, फैकल्टी, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को अपने काम में समय की पाबंदी रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाए और जरूरत पड़ने पर एक-दूसरे का सहयोग करे। उन्होंने कार्यस्थल पर सकारात्मक और प्रसन्न माहौल बनाए रखने पर भी जोर दिया। उनके अनुसार, अच्छा माहौल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाता है और इसका असर मरीजों को मिलने वाली सेवाओं की गुणवत्ता पर भी पड़ता है। तीन साल की नियुक्ति, 70 वर्ष की उम्र तक पद पर रहेंगे आदेश के अनुसार नरेंद्र कोटवाल की नियुक्ति तीन साल के लिए की गई है। उनका कार्यकाल कार्यभार संभालने की तारीख से प्रभावी होगा। हालांकि, वे 70 वर्ष की आयु पूरी होने या केंद्र सरकार के अगले आदेश, जो भी पहले हो, तक ही इस पद पर रहेंगे। उन्हें लेवल-15 के वेतन मैट्रिक्स के अनुसार नियुक्त किया गया है। AFMC पुणे के डायरेक्टर और कमांडेंट रह चुके हैं नरेंद्र कोटवाल के पास चिकित्सा क्षेत्र के साथ सैन्य चिकित्सा प्रशासन का लंबा अनुभव है। वे पुणे स्थित आर्म्ड फोर्सेस मेडिकल कॉलेज (एएफएमसी) के डायरेक्टर एवं कमांडेंट रह चुके हैं। वर्तमान में वे पंचकूला स्थित पारस हेल्थ में एंडोक्राइनोलॉजी विभाग के डायरेक्टर के रूप में कार्यरत हैं। सैन्य चिकित्सा संस्थान में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने का उनका अनुभव एम्स भोपाल के संचालन में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब तक अतिरिक्त प्रभार में चल रहा था संस्थान एम्स भोपाल में अभी तक एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर का अतिरिक्त प्रभार एम्स दरभंगा के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर डॉ. माधवानंद के पास था। नए एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की नियुक्ति के बाद यह अतिरिक्त प्रभार व्यवस्था समाप्त होकर संस्थान को अपना नियमित प्रशासनिक प्रमुख मिल जाएगा। प्रशासनिक कामकाज को मिलेगी नई दिशा एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एम्स भोपाल की प्रशासनिक व्यवस्था और संस्थान के समग्र संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में नए एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर की नियुक्ति से संस्थान के प्रशासनिक फैसलों, विभागों के बीच समन्वय और चिकित्सा सेवाओं से जुड़े कामकाज को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। नरेंद्र कोटवाल की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब एम्स भोपाल में मरीजों के लिए चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार के साथ संस्थान की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने पर भी लगातार काम हो रहा है। सैन्य चिकित्सा क्षेत्र में लंबे अनुभव वाले अधिकारी के आने से संस्थान के प्रबंधन में अनुशासन और बेहतर समन्वय को मजबूती मिलने की उम्मीद है। केंद्रीय सरकार की नियुक्ति समिति की मंजूरी के बाद अब कार्यभार संभालने की तारीख तय होने का इंतजार है।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/g1d8zTH
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/g1d8zTH
via IFTTT
Comments
Post a Comment