बारिश के दिनों में खुले में अंतिम संस्कार करना मजबूरी:शिवपुरी में लोगों का आरोप- मुक्तिधाम में शव रखने पक्का चबूतरा तक नहीं
शिवपुरी जिले के पोहरी तहसील के ग्राम कुड़ी में एक नवविवाहिता की सर्पदंश से मौत हो गई। अंतिम संस्कार के लिए जब परिजन शव को गांव के मुक्तिधाम ले गए, तो वहां की बदहाल व्यवस्था सामने आई। बारिश के बीच खुले में अंतिम संस्कार करना पड़ा, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। जानकारी के अनुसार, कुड़ी गांव की नवविवाहिता सावन के अवसर पर अपने मायके विजयपुर अनुविभाग के ढोढरी गांव गई हुई थी। इसी दौरान उसे जहरीले सर्प ने डस लिया। परिजन उसे तत्काल विजयपुर स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से गंभीर हालत में ग्वालियर रेफर किया गया। हालांकि, ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए ससुराल कुड़ी गांव लाया गया। ग्रामीणों ने बताया कि मुक्तिधाम में शव रखने के लिए पक्का चबूतरा नहीं है और बारिश से बचाव के लिए टीन शेड की भी व्यवस्था नहीं है। इस कारण परिजनों को बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे अंतिम संस्कार करना पड़ा। मुक्तिधाम परिसर में गंदगी भी फैली हुई थी, जहां मृत पशुओं की हड्डियां और अन्य अवशेष पड़े थे। ग्रामीणों का आरोप है कि लाखों रुपये खर्च होने के बावजूद मुक्तिधाम में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि गांव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली पुलिया कई वर्षों से टूटी हुई है। बारिश के मौसम में आवागमन बुरी तरह प्रभावित होता है। अंतिम यात्रा के दौरान भी लोगों और वाहनों को इस टूटी पुलिया के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मुक्तिधाम में टीन शेड, चबूतरा और साफ-सफाई की व्यवस्था कराने की मांग की है। इसके साथ ही, उन्होंने क्षतिग्रस्त पुलिया का जल्द निर्माण कराने की भी अपील की है। इस संबंध में जनपद पंचायत पोहरी के सीईओ ऑफिसर सिंह गुर्जर ने कहा कि यदि कुड़ी गांव के मुक्तिधाम में इस प्रकार की अव्यवस्थाएं हैं तो उनकी जांच कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि जनपद क्षेत्र में अब तक लगभग 45 मुक्तिधामों में सुधार कार्य कराए जा चुके हैं। जांच में कमियां मिलने पर उन्हें दूर कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई भी की जाएगी।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/ArLclsf
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/ArLclsf
via IFTTT
Comments
Post a Comment