मुरैना जिले के जौरा कस्बे में बुधवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पुराने रेलवे स्टेशन के सामने पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान जेसीबी मशीन से खुदाई करते समय गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद तेज धमाके के साथ आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि घटना शाम करीब 4 बजे हुई, जब सड़क पर आवाजाही कम थी। इसलिए किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। जेसीबी की खुदाई के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन टूट गई और कुछ ही क्षणों में आग भड़क उठी। धमाका इतना तेज था कि आसपास के मकानों तक कंपन महसूस किया गया। आग की लपटें देखकर लोग घबराकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे वाली जगह से कुछ ही दूरी पर नाश्ते की दुकानों की भट्टियां जल रही थीं। यदि आग वहां तक पहुंच जाती तो बड़ा विस्फोट हो सकता था और गंभीर जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने क्षेत्र को सुरक्षित कर स्थिति पर नियंत्रण पाया और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए। एसडीएम शिवम शर्मा ने बताया कि पानी की पाइपलाइन बिछाने के दौरान गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से यह घटना हुई। पूरे मामले की जांच कर रिपोर्ट कलेक्टर को भेजी जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी तय करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/cyXsLpZ
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/cyXsLpZ
via IFTTT
Comments
Post a Comment