Skip to main content

ऑस्ट्रेलिया दौरे पर था बेटा, इधर पिता को हुआ कैंसर:बीमारी छिपाई, चिट्ठी ने बदली जिंदगी, अब टीम इंडिया तक पहुंचा इंदौर का सारांश

क्रिकेटर बनने का सपना हर खिलाड़ी देखता है, लेकिन इंदौर के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन का टीम इंडिया तक पहुंचने का सफर केवल मेहनत का नहीं, बल्कि भावनाओं, संघर्ष और पिता के हौसले का भी है। जब सारांश का चयन मध्यप्रदेश टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए हुआ, उसी दौरान उनके पिता को मुंह के कैंसर का पता चला। परिवार ने पिता की इच्छा पर यह बात सारांश से छिपाए रखी, ताकि उनका ध्यान क्रिकेट से न भटके। ऑस्ट्रेलिया से लौटने पर जब सारांश ने पिता की बिगड़ी हालत देखी तो वे टूट गए। उन्होंने क्रिकेट मैदान जाना तक छोड़ दिया। बेटे की यह हालत देखकर कैंसर से जूझ रहे पिता ने एक चिट्ठी लिखी, जिसमें कहा- "तू जितना अच्छा क्रिकेट खेलेगा, मैं उतनी जल्दी ठीक हो जाऊंगा।" पिता के इन शब्दों ने सारांश को फिर संभाला। उन्होंने खुद को दोबारा क्रिकेट में झोंक दिया और दिन-रात मेहनत शुरू कर दी। उसी संघर्ष और समर्पण का परिणाम है कि अब बीसीसीआई ने श्रीलंका दौरे के लिए घोषित भारतीय टेस्ट टीम में सारांश जैन को भी जगह दी है। इंदौर के इस युवा क्रिकेटर की कहानी आज सिर्फ खेल की सफलता नहीं, बल्कि पिता के विश्वास, परिवार के त्याग और संघर्ष से सपनों को साकार करने की प्रेरणा बन गई है। कैंसर से जूझ रहे पिता ने जताई खुशी सारांश के चयन पर क्रिकेटर रहे पिता सुबोध जैन की खुशी चेहरे पर नजर आती है। सुबोध भी मध्य प्रदेश के लिए ऑफ स्पिन गेंदबाजी करते थे। कैंसर की बीमारी के चलते ठीक से बोल नहीं पाते। फिर भी अपने शब्दों को जोड़ते हुए कहते हैं, मुझे याद है शायद साल 2014 की बात है जब मप्र टीम के साथ सारांश को ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाना था। मुझे कैंसर का पता चला। हमने उससे बात छिपाई। मैं तीन महीने बाद मुंबई से इलाज कराकर लौटा तो हालत खराब थी। वह मुझे देखकर फूट-फूटकर रोने लगा। मैदान भी नहीं जाता था। मुझे लगा कि कहीं मेरी वजह से वह क्रिकेट खेलना न छोड़ दे क्योंकि उसे भारत के लिए खेलते देखना मेरा सपना था। वह कहता था कि पापा आपकी हालत देखकर मेरा मन नहीं होता। फिर मैंने उसे चिट्ठी लिखकर प्रेरित किया। मुझे खुशी है कि उसने मेहनत जारी रखी और आज मेरा सपना पूरा कर रहा है। पिता का सपना था इंडियन टीम में खेलने का, वो चाहते थे कि जर्सी पहनकर मैदान में उतरे, उनके अधूरे सपने को 12 साल बाद बेटे ने पूरा कर दिया। सारांश जैअब भारतीय क्रिकेट टीम की तरफ से श्रीलंका दौरे जाने वाले है। सारांश का क्रिकेट टीम में चयन एक उपलब्धि ही नहीं, पिता के वर्षों पुराने सपने की कहानी भी है…। पिता सुबोध जैन भी क्रिकेटर हैं और मध्यप्रदेश क्रिकेट टीम के ऑफ स्पिनर गेंदबाज रहे हैं. उन्होंने भी काफी संघर्ष किया, लेकिन वे भारतीय टीम में शामिल होने से कई बार रह गए। अब पिता का सपना बेटे ने पूरा कर दिया। यह खबर मंगलवार को जैसे ही पिता तक पहुंची, उनकी आंखें खुशी से नम हो गईं। पापा मेरे पहले रोल मॉडल हैं: सारांश सारांश ने कहा कि टीम इंडिया में जगह मिलना उनके 26 साल के संघर्ष और मेहनत का परिणाम है। उन्होंने कहा, यह मेरे लिए अलग ही एहसास है। इतने वर्षों की तपस्या का इनाम मिला है। श्रीलंका दौरे पर संभावित प्लेइंग-11 में जगह मिलने के सवाल पर सारांश ने कहा कि अंतिम फैसला कोच और कप्तान का होगा, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि मौका मिलेगा। उन्होंने कहा, यह कोच और कप्तान पर निर्भर करता है, लेकिन मुझे विश्वास है कि मैं खेलूंगा। मैदान पर अपनी सोच के बारे में सारांश ने कहा कि वह किसी तय फार्मूले के बजाय मैच की परिस्थितियों के अनुसार खेलना पसंद करते हैं। "हर मैच की स्थिति अलग होती है। उसी परिस्थिति को समझकर और उसके मुताबिक क्रिकेट खेलना सबसे जरूरी होता है। अश्विन-हरभजन को देखकर सीखा अपने क्रिकेट के प्रेरणास्रोत के बारे में उन्होंने कहा कि उनके पहले रोल मॉडल उनके पिता हैं। इसके अलावा भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और हरभजन सिंह को देखकर उन्होंने अपने खेल को निखारा। सारांश ने कहा मैंने ऑफ स्पिन गेंदबाजी की काफी बारीकियां अश्विन और हरभजन को देखकर सीखी हैं। परिवार के साथ समय बिताने के सवाल पर सारांश ने कहा कि क्रिकेट की व्यस्तताओं के बावजूद जब भी वह इंदौर आते हैं तो कोशिश रहती है कि ज्यादा से ज्यादा समय परिवार के साथ बिताएं। उन्होंने कहा जब भी मैं इंदौर में रहता हूं, कोशिश करता हूं कि परिवार के साथ ज्यादा से ज्यादा वक्त बिताऊं। मां बोली- कभी हौसला टूटने नहीं दिया मां संगीता ने कहा कि बेटे ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए वर्षों तक संघर्ष किया और कई उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन परिवार ने कभी उसका हौसला टूटने नहीं दिया। हम हमेशा उसे यही कहते थे कि हिम्मत मत हारना, एक दिन तुम्हारा समय जरूर आएगा। भगवान और हमारे नाकोडा भेरू की कृपा से आज वह दिन आ गया। बेटे को टीम इंडिया की कैप पहनते देखना हमारे लिए सबसे बड़ा सुख है। परिवार में सारांश की 94 वर्षीय नानी चमेलीबाई भी पोते की इस उपलब्धि पर बहुत खुश हैं। उन्होंने भी पोते को खूब दुलार किया और आशीर्वाद किया। पत्नी की खुशी का ठिकाना नहीं पत्नी हर्षिता ने कहा कि यह पल उनके परिवार के लिए किसी सपने के सच होने जैसा है। उन्होंने कहा- 'मैं अपनी खुशी शब्दों में बयां नहीं कर सकती। सारांश ने इस मुकाम तक पहुंचने के लिए अथक मेहनत की है। उन्होंने कभी संघर्ष से समझौता नहीं किया। टीम इंडिया में जगह मिलना उनकी मेहनत का सबसे बड़ा पुरस्कार है। उनके टीम इंडिया में चयन पर हमें गर्व है और हमें विश्वास है कि वह देश के लिए भी शानदार प्रदर्शन करेंगे। ये खबर भी पढ़ें… इंदौर के सारांश जैन टीम इंडिया में शामिल भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे खास नाम इंदौर के सारांश जैन का है, जिन्हें पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है।पूरी खबर पढ़ें

from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/7JbvWa2
via IFTTT

Comments

Popular posts from this blog

इंदौर में नाबालिग का अपहरण, अप्राकृतिक कृत्य किया:बाणगंगा इलाके का मामला, तीन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

इंदौर के बाणगंगा इलाके में एक नाबालिग छात्र के साथ अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने उसके तीन दोस्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक 10वीं के छात्र ने शिकायत में बताया कि गुरुवार रात वह घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान उसके दोस्त गणेश, दिव्यांश और तुषार वहां पहुंचे और उसे घूमने चलने के बहाने रेलवे पटरी के पास ले गए। वहां तीनों ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि “तू कॉलोनी में ज्यादा दादा बनता है।” आरोप है कि इसके बाद गणेश ने कपड़े उतारकर गलत हरकत करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे ट्रेन के नीचे फेंकने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक तीनों आरोपियों ने उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। मौका मिलने पर वह वहां से भाग निकला। रास्ते में उसने एक दोस्त को पूरी घटना बताई, लेकिन डर के कारण थाने नहीं गया। घर पहुंचने के बाद उसकी मां ने शरीर पर चोट के निशान देखे और पूछताछ की। तब छात्र ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार उसे लेकर थाने पहुंचा, जहां तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच क...

इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो को लेकर कलेक्टर के समक्ष सुनवाई:सामाजिक कार्यकर्ता बोले- भूजल, हेरिटेज और व्यापार पर असर होगा; अलाइनमेंट बदलाव पर भी आपत्ति

शहर में अंडरग्राउंड मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता किशोर कोडवानी ने मंगलवार को कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद कोडवानी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, जिसके तहत मेट्रो अधिकारियों के साथ कलेक्टर के समक्ष सुनवाई हुई। कोडवानी ने कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत किए जा रहे कामों से भूजल स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और इससे संपूर्ण जल प्रणाली प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण प्रभाव आकलन की आवश्यक रिपोर्ट लिए बिना ही काम को आगे बढ़ाया जा रहा है। अनुमतियों को लेकर उठाए सवाल उन्होंने मेट्रो अधिकारियों पर आवश्यक अनुमतियां नहीं लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल ओपिनियन लेना पर्याप्त नहीं है। विशेष रूप से हेरिटेज क्षेत्र से संबंधित नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 300 मीटर की परिधि में निर्माण कार्य पर प्रतिबंध है, जिसका पालन स्पष्ट रूप से नहीं किया जा रहा। अलाइनमेंट में बदलाव पर भी आपत्ति कोडवानी ने मेट्रो रूट के बार-बार बदलने को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि प्र...

एक ही ऑपरेशन में दो कैंसर का इलाज:एम्स में व्हिपल प्रक्रिया और किडनी सर्जरी साथ कर डॉक्टरों ने रचा मेडिकल इतिहास

राजधानी के एम्स भोपाल ने जटिल कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां 52 वर्षीय मरीज के शरीर में एक साथ पनपे दो अलग-अलग प्राथमिक कैंसर का एक ही ऑपरेशन में सफल इलाज कर डॉक्टरों ने नई मिसाल कायम की है। यह मामला चिकित्सा विज्ञान में बेहद दुर्लभ माना जाता है। मरीज को पित्त नली का कैंसर (कोलेंजियोकार्सिनोमा) और किडनी कैंसर (रीनल सेल कार्सिनोमा) दोनों एक साथ थे। डॉक्टरों की बहुविषयक टीम ने चुनौती स्वीकार करते हुए एक ही सर्जरी में दोनों कैंसर को पूरी तरह निकाल दिया। वर्तमान में मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहा है। दो विभागों की संयुक्त टीम ने संभाली कमान यूरोलॉजी और सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागों के विशेषज्ञों ने मिलकर उपचार की रणनीति बनाई। ऑपरेशन के दौरान गैस्ट्रोएंटरोलॉजी टीम ने व्हिपल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जबकि यूरोलॉजी टीम ने दाहिनी किडनी को पूरी तरह निकालते हुए राइट रेडिकल नेफ्रेक्टॉमी की। डॉक्टरों के अनुसार, एक ही मरीज में दो अलग-अलग प्राथमिक कैंसर का मिलना बेहद दुर्लभ होता है। ऐसे मामलों में आमतौर पर अलग-अलग समय पर सर्जरी करनी पड़ती...