झोपड़ी में आग लगाने की शिकायत लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा परिवार:बोला- झोपड़ी जलाई, अब जान का खतरा, 4 पीढ़ियों से हमारे पास थी वह जमीन हड़पी
सीहोर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में एक सपेरा परिवार ने अपनी कृषि भूमि पर कब्जे, झोपड़ी में आग लगाने और फायरिंग किए जाने की शिकायत करते हुए प्रशासन से सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की। परिवार ने पुलिस पर भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। फर्जी रजिस्ट्री कराकर जमीन हड़पने का आरोप
परिवार की अनीता नाथ, पुत्री मांगीलाल ने बताया कि सरकार ने उनके अनुसूचित जाति परिवार को ग्राम दौलतपुरा में जीवन-यापन के लिए कृषि भूमि आवंटित की थी। उनका आरोप है कि राजनीतिक और व्यापारी परिवार के लोगों ने फर्जी तरीके से इस भूमि की रजिस्ट्री कराकर अपने नाम दर्ज करा ली है। परिवार का कहना है कि नियमानुसार सरकार द्वारा दी गई सेवाभूमि की खरीद-फरोख्त नहीं की जा सकती। अनीता नाथ के अनुसार, उनका परिवार दोराहा तहसील के ग्राम दौलतपुरा, थाना अहमदपुर में चार पीढ़ियों से खेती कर रहा है। वर्ष 2008 से कुछ लोग इस जमीन पर दावा कर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी परिवार की महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के साथ गाली-गलौज, मारपीट करता है और बंदूक से फायरिंग कर डराता-धमकाता है। परिवार का यह भी आरोप है कि हाल ही में आरोपियों ने पेट्रोल छिड़ककर उनकी झोपड़ी में आग लगा दी, जिससे गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया। उन्हें रात में आग लगाकर जिंदा जलाने की धमकियां भी दी जा रही हैं। पुलिस पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए
सपेरा परिवार ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना है कि पुलिस उनकी शिकायतों पर कार्रवाई करने के बजाय आरोपियों का पक्ष ले रही है। परिवार ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। उल्लेखनीय है कि मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में कलेक्टर बालागुरू के. ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में जिलेभर से 103 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भी 32 आवेदकों ने अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/IKvTqWE
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/IKvTqWE
via IFTTT
Comments
Post a Comment