भास्कर संवाददाता | विदिशा साढ़े चार महीने पहले घर से बिछुड़ी सुनीता अहिरवार को रविवार को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। यह कार्य ‘अपना घर आश्रम’ विदिशा की लगातार कोशिशों और समन्वित रेस्क्यू अभियान से संभव हो सका। सुनीता विदिशा के पीतल मिल चौराहा, गली क्रमांक-1 की निवासी हैं। उनके पति का निधन हो चुका है। मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण वे वृंदावन जाने निकली थीं। रास्ते में गलत ट्रेन में बैठने से वे कोलकाता पहुंच गईं। कोलकाता में ‘अपना घर आश्रम’ ने उन्हें संरक्षण में लिया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भरतपुर मुख्यालय भेजा गया। वहां सेवा और इलाज से उनकी हालत सुधरी। स्मृति लौटने पर उन्होंने अपना पता विदिशा बताया। इसके बाद उन्हें शिवपुरी महिला आश्रम भेजा गया। शिवपुरी से सूचना मिलने पर ‘अपना घर आश्रम’ विदिशा ने परिजनों की तलाश शुरू की। सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद रेस्क्यू टीम सक्रिय की गई। प्रवक्ता सोहेल अहमद के नेतृत्व में टीम ने सुनीता को शिवपुरी से विदिशा लाकर परिजनों को सौंपा। इस भावुक क्षण का गवाह पूरा आश्रम परिसर बना। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष गीता कैलाश रघुवंशी, समाजसेवी मनोज कटारे, आश्रम अध्यक्ष डॉ. जीके माहेश्वरी, सचिव जीएस चौहान, कोषाध्यक्ष घनश्याम डागा, घनश्याम दत्त शर्मा, डॉ. आशीष शर्मा, नीतू शर्मा, अनिल शर्मा सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। प्रभुजियों को परिजनों से मिलाना ही उद्देश्य अतिथियों ने ‘अपना घर आश्रम’ के मानवीय कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि आश्रम का मूल उद्देश्य लावारिस, बेसहारा, अनाथ और मंदबुद्धि मानव रूपी प्रभु जनों को संरक्षण, उपचार और सम्मान देना है, ताकि वे स्वस्थ होकर अपने परिवार से मिल सकें और समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। यह घटना आश्रम की संवेदनशीलता और समर्पण का प्रमाण है।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/HpJcoFl
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/HpJcoFl
via IFTTT
Comments
Post a Comment