भास्कर संवाददाता | सागर गायत्री शक्तिपीठ गोपालगंज में रविवार को गायत्री परिवार के तत्वावधान में आयोजित निशुल्क नेत्र एवं वात रोग व जोड़ों के दर्द संबंधी आयुर्वेदिक कैंप में 385 लोगों ने जांच कराई। आयुर्वेदिक वात रोग शिविर में 122 लोगों ने जांच कराकर निशुल्क दवाएं प्राप्त कीं, जबकि नेत्र शिविर में 263 लोगों की आंखों की जांच की गई। इनमें 145 पुरुष और 118 महिलाएं शामिल हैं। नेत्र परीक्षण के दौरान कई लोगों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई गई, जिनमें से 25 मरीजों को निशुल्क ऑपरेशन के लिए आनंदपुर बस द्वारा भेजा गया। शिविर में 184 लोगों को निशुल्क आई ड्रॉप वितरित किए गए, वहीं 53 व्यक्तियों को निशुल्क चश्मे भी दिए गए। शिविर का शुभारंभ क्षेत्र प्रचारक सुनील देव, आयुष विभाग की डॉक्टर पारुल सारस्वत एवं डॉ. माधवी वर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर मां गायत्री एवं गुरुदेव के चित्र का पूजन कर स्वस्तिवाचन किया गया। संस्था की ओर से शिविर में आए सभी मरीजों के लिए अल्पाहार सहित अन्य व्यवस्थाएं निशुल्क की गईं। आनंदपुर साहिब से आए नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. निकुंज शुक्ला ने बताया कि आगामी 18 जनवरी रविवार को पुनः निशुल्क नेत्र शिविर का आयोजन किया जाएगा। अब यह शिविर प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को नियमित रूप से गायत्री शक्तिपीठ में आयोजित होगा। गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता एमडी त्रिपाठी ने कहा कि सेवा और परिष्कार की भावना से ही जीवन सुखमय बनता है और गायत्री परिवार इसी उद्देश्य को लेकर समाज सेवा में कार्यरत है। कार्यक्रम का संचालन चंद्रहास श्रीवास्तव ने किया। देवेंद्र मिश्रा, माखन, भगवत सिंह पटेल, नरेश यादव, इंद्रपाल राय, महाराज सिंह राजपूत एवं अन्य कार्यकर्ताओं ने व्यवस्थाएं संभालीं। विशेषज्ञों के अनुसार सर्दी के मौसम में शुष्क व ठंडी हवा के कारण आंखों की नमी तेजी से सूखती है, जिससे आंखों में जलन और अधिक आंसू आने की समस्या बढ़ जाती है। हीटर या एसी के उपयोग से भी यह समस्या बढ़ सकती है। एलर्जी, साइनस तथा सूखी आंखें भी इसका कारण हो सकती हैं। डॉक्टरों ने सलाह दी कि किसी भी आई ड्रॉप का उपयोग करने से पूर्व विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/sC08fEY
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/sC08fEY
via IFTTT
Comments
Post a Comment