ग्वालियर के सिविल हॉस्पिटल में चोरी:इलाज कराने गए बुजुर्ग की जेब से 25 हजार पार, CCTV खंगाल रही पुलिस
ग्वालियर में सिविल अस्पताल हजीरा में इलाज कराने गए 64 वर्षीय बुजुर्ग के साथ जेबकटी की घटना हो गई। 10 दिन तक पीड़ित यही समझता रहा कि शायद किसी परिचित ने उसके साथ रुपए निकालने का मजाक किया है, लेकिन जब इतने दिनों के बाद भी कोई रुपए वापस करने नहीं आया तो बुजुर्ग बुधवार को ग्वालियर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी बात बताई। पुलिस ने बुजुर्ग की बात सुनने के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला कायम कर लिया है। उमेश तिवारी निवासी सिविल अस्पताल के सामने किरार प्लाजा के पास नोट एक्सचेंज करने का काम करते हैं। पुराने नोटों के बदले नए नोटों की गड्डियां देने के एवज में यह कमीशन लेते हैं। 1 नवंबर को उमेश तिवारी की तबीयत खराब हुई तो वह घर के सामने स्थित सिविल अस्पताल हजीरा इलाज कराने के लिए पहुंचे। किसी को बदलकर नोटों की गड्डियां देनी थीं, इसलिए 25 हजार रुपए अपनी जेब में रखे हुए थे। अस्पताल के अंदर किसी अज्ञात बदमाश ने इनकी जेब से रुपए निकाल लिए और गायब हो गया। घर पहुंचने के बाद उमेश तिवारी ने अपनी जेब में हाथ डाला तो नोटों की गड्डियां गायब थीं। गड्डियां गायब होने पर उमेश तिवारी पहले ध्यान करते रहे कि किसी को दे तो नहीं दी, लेकिन ऐसा कोई वाक्या दिमाग में नहीं आया। वह समझते रहे कि कोई परिचित उनके साथ मजाक कर रहा है। लेकिन जब 10 दिन बीत गए और नोटों का पता नहीं चला तो वह पुलिस के पास पहुंचे और घटना बताई। टीआई ग्वालियर थाना प्रशांत शर्मा का कहना है बुजुर्ग की जेब में रखे 25 हजार रुपए किसी ने निकाल लिए हैं। पीड़ित यही समझते रहे कि किसी ने मजाक किया है, इसलिए 10 दिन बाद हमारे पास आए। मामला कायम कर लिया है और अस्पताल में लगे CCTV के फुटेज देख रहे हैं जिससे कुछ सुराग मिल सके।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/3ZKQpkl
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/3ZKQpkl
via IFTTT
Comments
Post a Comment