खरगोन छात्र की मौत, 2 माह बाद भी कार्रवाई नहीं:परिजन बोले- CBI जांच होना चाहिए; पुलिस-कॉलेज पर साक्ष्य छिपाने का आरोप
महाराष्ट्र के शिरपुर स्थित NMIMS इंजीनियरिंग कॉलेज के हॉस्टल में खरगोन के 20 वर्षीय बीटेक थर्ड सेमेस्टर छात्र अथर्व पुरोहित की संदिग्ध मौत हो गई थी। घटना के दो माह बाद भी महाराष्ट्र पुलिस की ठोस कार्रवाई न होने से परिजनों में रोष है। रविवार को राष्ट्रपति के नाम एसडीएम वीरेंद्र कटारे को पत्र सौंपकर मामले की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने प्रधानमंत्री, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्रियों से भी न्याय की गुहार लगाई है। अथर्व की 14 सितंबर 2025 को शिरपुर में हॉस्टल के कमरे में मौत हुई थी। घटना के बाद कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ छात्रों ने प्रदर्शन भी किया था। अथर्व के पिता अमिय पुरोहित ने कहा दो माह बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। उन्हें मर्ग की कॉपी और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सहित अन्य दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए। पुलिस जांच किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। पुलिस साक्ष्य छिपाकर मामले को खत्म करने की तैयारी में है। उन्होंने पुलिस निरीक्षक किशोर कुमार परदेशी पर मामले को रफा-दफा करने का आरोप लगाया। अथर्व के चाचा आशुतोष पुरोहित ने बताया कि 13 अक्टूबर 2025 को शिरपुर थाने में एक रिमाइंडर देकर हत्या या आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में कार्रवाई का आग्रह किया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि थाना प्रभारी किशोर कुमार परदेशी और जांच अधिकारी हेमंत पाटिल कॉलेज प्रबंधन के दबाव में जांच में रुचि नहीं ले रहे हैं। खानापूर्ति के लिए कुछ छात्रों के बयान लिए गए। पुलिस दोषियों और घटना के साक्ष्य हटाने वालों को बचाने में लगी है। परिजनों ने अथर्व के मेंटर, कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष, हॉस्टल और कैंपस डायरेक्टर पर उसे प्रताड़ित करने का आरोप भी लगाया है। उनका कहना है कि अथर्व को कॉलेज के कार्यक्रमों में जाने से भी रोका जा रहा था। अथर्व की मां सुनीता पुरोहित ने बताया कि घटना से दो दिन पहले बेटे का हॉस्टल में स्वास्थ्य खराब था, लेकिन इसकी सूचना उन्हें नहीं दी गई। मेडिकल चेकअप पुलिस जांच में शामिल नहीं है। सुसाइड नोट, मेडिकल चेकअप पर्चे को हटाकर साक्ष्यों को मिटाया जा रहा है। उन्होंने अपने बेटे की मौत के जिम्मेदार लोगों को सजा दिलाकर न्याय की मांग की।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/8GIezEH
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/8GIezEH
via IFTTT
Comments
Post a Comment