Skip to main content

जाकिर नाइक की ब्रेनवाशिंग से आतंकी बना कामरान:संदिग्ध चैट्स मिले; आतंकी ग्रुप का किसी बड़े शहर में ब्लास्ट करने का था प्लान

राजगढ़ के ब्यावरा से पकड़ा गया आतंकी कामरान कुरैशी भारत के भगौड़े इस्लामिक उपदेशक जाकिर नाइक के वीडियो देखकर कट्‌टर बना। इसी से उसकी ब्रेनवाशिंग हुई। उसने कबूल किया है कि वह गजवा-ए-हिंद के लिए कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने वाले वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए असरार दानिश के संपर्क में आया था। असरार दानिश पाकिस्तान हैंडलर के निर्देश पर चल रहे टेरर मॉड्यूल का हेड है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक कामरान को दानिश ने धन मुहैया कराया। उसे और सदस्य बनाने को कहा। कामरान और दानिश खिलाफत से जुड़ी ट्रेनिंग एक्टिविटी शुरू करने के लिए जमीन खरीदने की भी प्लानिंग कर रहे थे। कामरान उर्फ समर खान को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने बुधवार को मध्यप्रदेश के राजगढ़ के ब्यावरा से गिरफ्तार किया था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वॉट्सऐप ग्रुप में तारिक मसूद, तारिक जमील और जाकिर नाइक जैसे कट्टरपंथी मौलवियों के वीडियो चरमपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने के लिए शेयर किए थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान हैंडलर से संचालित पैन इंडिया टेरर मॉड्यूल का भंडाफोड़ करते हुए कामरान समेत 5 आतंकियों को गिरफ्तार किया है। स्पेशल सेल का कहना है कि आतंकी समूह त्योहारों से पहले किसी बड़े शहर में ब्लास्ट करने की योजना बना रहा था। गिरफ्तार आतंकियों से पूछताछ जारी है और पुलिस को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे होंगे। मुंह ढंककर दिल्ली पुलिस कामराम के घर में घुसी थी दरअसल, बुधवार (10 सितंबर) सुबह 5:30 बजे ब्यावरा की शहीद कॉलोनी के एक साधारण घर में अचानक मुंह ढके हथियारबंद लोग घुसे। ये देखकर घरवाले डर गए। हथियारबंद लोगों ने बिस्तर से खींचकर एक युवक को उठाया, मोबाइल और धार्मिक किताबें उठा ले गए। परिवार समझ ही नहीं पाया कि यह लोग क्रिमिनल हैं या पुलिसवाले। बाद में खुलासा हुआ कि जिस युवक को उठाया गया वह पाकिस्तान हैंडलर के निर्देश पर चल रहे टेरर मॉड्यूल से जुड़ा आतंकी कामरान है। उसे पकड़ने वाले दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के लोग थे। कामरान ज्यादा किसी से बात नहीं करता था। कभी अपने पिता की मैकेनिक की दुकान पर हाथ बंटाता था, तो कभी शहर के एक वकील के यहां 4-5 हजार रुपए वेतन पर काम करता था। कुछ समय से जमात के संपर्क में आने के बाद उसका परिचय जाकिर नाइक की विचारधारा से हुआ और धीरे-धीरे वह कट्टरता की राह पर बढ़ते हुए इस आतंकी नेटवर्क से जुड़ गया। पिता बोले- बेटे को जाल बिछाकर फंसाया गया कामरान के पिता अब्दुल रशीद ने कहा- 'अगर मेरा बेटा गलत कामों में लिप्त होता तो हमसे पैसे क्यों मांगता? वह तो कभी-कभी कहता था कि 100 रुपए दे दो या 500 रुपए चाहिए, क्योंकि समय पर तनख्वाह नहीं मिली।' उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी वाली सुबह का मंजर बेहद डरावना था। सुबह करीब 5:30 बजे मुंह ढंके कुछ लोग अचानक घर आए और दरवाजे को लात मारकर खोल दिया। हमारा गेट बारिश के कारण बंद नहीं होता था, तो डंडा फंसाकर रखते थे। हम घबरा गए कि आखिर ये लोग कौन हैं। उन्होंने मेरे बेटे को बिस्तर से खींचकर उठाया, उसका मोबाइल छीन लिया और बिस्तर भी फेंक दिया। मेरा भी मोबाइल ले लिया लेकिन बाद में लौटा दिया। घर में रखी धार्मिक किताबें उठा ली गईं। जब हमने पूछा कि आप कौन हैं, तो उनमें से एक ने कहा – 'मैं मुसलमान हूं' और बोला कि आपका बेटा ऑनलाइन बातचीत करता है।" पिता ने आगे कहा कि कामरान रोज सुबह वकील शादाब के यहां काम पर जाता और शाम को 6 बजे लैब पर चला जाता था। कभी 10:30 बजे तो कभी 12 बजे रात को घर लौटता था। वह किससे ऑनलाइन बात करता था, यह हमें कभी नहीं पता चला। हमें लगता है कि उसे जाल बिछाकर फंसाया गया है। हमें कभी नहीं लगा कि वह किसी गलत गतिविधि में शामिल है, अगर ऐसा होता तो हम खुद उसे रोकते-टोकते। उन्होंने यह भी बताया कि कामरान कई बार जमात में जरूर गया था, जहां महीने या 40-40 दिन तक रहता था, लेकिन वहां सिर्फ अल्लाह के बारे में बातें होती थीं, कोई गलत शिक्षा नहीं दी जाती। कामरान के पिता ने बताया कि यहां कोई संगठन भी नहीं है। मेरा बड़ा बेटा दिव्यांग है। बेटियों की शादी हो चुकी है, जिनमें से एक का तलाक हो गया और वह हमारे साथ रहती है। मैं भी घुटनों और कमर की तकलीफ से परेशान हूं। कामरान मेरा छोटा बेटा है, जिसने 12वीं तक पढ़ाई की है। दुख जताते हुए कहा कि उन्होंने कामरान की शादी के लिए लड़की देखी थी, रिश्ता तय होने वाला था लेकिन ये घटना हो गई। परिजनों ने जताई अपहरण की आशंका कामरान के परिजनों ने स्थानीय पुलिस से बेटे के अपहरण की आशंका जताई थी। पुलिस मौके पर पहुंची और बयान दर्ज किए। दिनभर पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही। टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज से तीन गाड़ियों के गुजरने की पुष्टि हुई, जिसके बाद पुलिस को शक हुआ कि यह कार्रवाई किसी जांच एजेंसी की है। शाम करीब 7 बजे दिल्ली पुलिस की टीम सिटी थाने पहुंची और कामरान की गिरफ्तारी विधिवत दर्ज की। कट्टरपंथी युवाओं के एक ग्रुप से जुड़ा था बताया जा रहा है कि झारखंड से पकड़े गए आरोपी आफताब नासिर कुरैशी से पूछताछ में कामरान का नाम सामने आया था। जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि वह कट्टरपंथी युवाओं के एक समूह से जुड़ा हुआ है। पूरी साजिश का खुलासा करने और गहराई से पूछताछ के लिए उसकी गिरफ्तारी आवश्यक बताई गई। साथ ही, उसके मोबाइल फोन से संदिग्ध डाटा और चैट मिलने के कारण भी उसे हिरासत में लिया गया। यह कार्रवाई एसआई अमित राणा (स्पेशल सेल, दिल्ली) द्वारा 10 सितंबर 2025 को विधिवत दर्ज की गई। बताया जा रहा है कि भारत से भगौड़ा घोषित डॉ जाकिर नाइक के वीडियो देखकर कामरान कट्टरपंथ की और मुड़ गया था। कौन है जाकिर नाइक? भारत के मुंबई में जन्मा जाकिर नाइक लंबे समय से इस्लामिक उपदेश देता रहा है। लेक्चर के साथ वह खुलेआम टीवी पर दूसरे धर्म के लोगों को इस्लाम में शामिल कराता है। साल 2016 में वह तब अंतरराष्ट्रीय खबरों की सुर्खियां बना, जब बांग्लादेश में हुए बम धमाकों में उसका नाम सामने आया। बम धमाकों में शामिल एक युवक जाकिर नाइक के भाषणों से प्रभावित था। इसके बाद भारत सरकार ने उसके ऊपर सख्ती शुरू तो उसके कई फ्रॉड सामने आए। इस बीच जाकिर भारत से भागकर मलेशिया पहुंच गया और वहीं रह रहा है। मास्टरमाइंड दानिश को कहा जाता है 'सीईओ' गुरुवार दिल्ली पुलिस ने प्रेसवार्ता की, स्पेशल सेल के एडिशनल कमिश्नर प्रमोद सिंह कुशवाहा ने बताया कि झारखंड का असरार दानिश इस मॉड्यूल का मास्टरमाइंड था। पाक हैंडलर के सीधे संपर्क में रहने वाले दानिश को ग्रुप में ‘सीईओ’ कहा जाता था। उसका मकसद भारत के खिलाफ खिलाफत मॉडल खड़ा करना था। दिल्ली से तेलंगाना तक चला ऑपरेशन गुरुवार (11 सितंबर 2025) को हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि दिल्ली से 2, झारखंड से 1, तेलंगाना से 1 और मध्यप्रदेश से 1 आतंकी को पकड़ा गया है। इनमें मुंबई निवासी आफताब और सूफियान को दिल्ली के निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन से, दानिश को झारखंड के रांची से और मुजपा को तेलंगाना से गिरफ्तार किया गया। दानिश के पास से बड़ी बरामदगी ऑपरेशन दिल्ली, महाराष्ट्र, झारखंड, तेलंगाना और कर्नाटक पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से सफल हुआ। दानिश के पास से सल्फर पाउडर, बॉल बेयरिंग, आईईडी बनाने का सामान, मदरबोर्ड और हथियार बरामद हुए। पुलिस के अनुसार दानिश ही नेटवर्क का केंद्रीय चेहरा था, जिसने युवाओं को बरगला कर ग्रुप से जोड़ा। ये खबर भी पढ़ें.. एमपी के ब्यावरा से ISIS आतंकवादी गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस ने कई राज्यों में छापे मारे, 5 आतंकी पकड़े दिल्ली पुलिस ने मध्यप्रदेश में राजगढ़ के ब्यावरा से इस्लामिक स्टेट्स ऑफ ईराक एंड सीरिया (ISIS) से जुड़े आतंकी को गिरफ्तार किया है। आतंकी का नाम कामरान कुरैशी बताया गया है। ब्यावरा सिटी थाने के टीआई वीरेंद्र सिंह धाकड़ ने बताया- दिल्ली पुलिस के स्पेशल सेल की टीम बुधवार को ब्यावरा आई थी। यहां शहीद कॉलोनी में रहने वाले कामरान कुरैशी को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। पूरी खबर पढ़ें..

from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/VTrJLvG
via IFTTT

Comments

Popular posts from this blog

इंदौर में नाबालिग का अपहरण, अप्राकृतिक कृत्य किया:बाणगंगा इलाके का मामला, तीन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

इंदौर के बाणगंगा इलाके में एक नाबालिग छात्र के साथ अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने उसके तीन दोस्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक 10वीं के छात्र ने शिकायत में बताया कि गुरुवार रात वह घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान उसके दोस्त गणेश, दिव्यांश और तुषार वहां पहुंचे और उसे घूमने चलने के बहाने रेलवे पटरी के पास ले गए। वहां तीनों ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि “तू कॉलोनी में ज्यादा दादा बनता है।” आरोप है कि इसके बाद गणेश ने कपड़े उतारकर गलत हरकत करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे ट्रेन के नीचे फेंकने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक तीनों आरोपियों ने उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। मौका मिलने पर वह वहां से भाग निकला। रास्ते में उसने एक दोस्त को पूरी घटना बताई, लेकिन डर के कारण थाने नहीं गया। घर पहुंचने के बाद उसकी मां ने शरीर पर चोट के निशान देखे और पूछताछ की। तब छात्र ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार उसे लेकर थाने पहुंचा, जहां तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच क...

इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो को लेकर कलेक्टर के समक्ष सुनवाई:सामाजिक कार्यकर्ता बोले- भूजल, हेरिटेज और व्यापार पर असर होगा; अलाइनमेंट बदलाव पर भी आपत्ति

शहर में अंडरग्राउंड मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता किशोर कोडवानी ने मंगलवार को कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद कोडवानी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, जिसके तहत मेट्रो अधिकारियों के साथ कलेक्टर के समक्ष सुनवाई हुई। कोडवानी ने कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत किए जा रहे कामों से भूजल स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और इससे संपूर्ण जल प्रणाली प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण प्रभाव आकलन की आवश्यक रिपोर्ट लिए बिना ही काम को आगे बढ़ाया जा रहा है। अनुमतियों को लेकर उठाए सवाल उन्होंने मेट्रो अधिकारियों पर आवश्यक अनुमतियां नहीं लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल ओपिनियन लेना पर्याप्त नहीं है। विशेष रूप से हेरिटेज क्षेत्र से संबंधित नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 300 मीटर की परिधि में निर्माण कार्य पर प्रतिबंध है, जिसका पालन स्पष्ट रूप से नहीं किया जा रहा। अलाइनमेंट में बदलाव पर भी आपत्ति कोडवानी ने मेट्रो रूट के बार-बार बदलने को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि प्र...

एक ही ऑपरेशन में दो कैंसर का इलाज:एम्स में व्हिपल प्रक्रिया और किडनी सर्जरी साथ कर डॉक्टरों ने रचा मेडिकल इतिहास

राजधानी के एम्स भोपाल ने जटिल कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां 52 वर्षीय मरीज के शरीर में एक साथ पनपे दो अलग-अलग प्राथमिक कैंसर का एक ही ऑपरेशन में सफल इलाज कर डॉक्टरों ने नई मिसाल कायम की है। यह मामला चिकित्सा विज्ञान में बेहद दुर्लभ माना जाता है। मरीज को पित्त नली का कैंसर (कोलेंजियोकार्सिनोमा) और किडनी कैंसर (रीनल सेल कार्सिनोमा) दोनों एक साथ थे। डॉक्टरों की बहुविषयक टीम ने चुनौती स्वीकार करते हुए एक ही सर्जरी में दोनों कैंसर को पूरी तरह निकाल दिया। वर्तमान में मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहा है। दो विभागों की संयुक्त टीम ने संभाली कमान यूरोलॉजी और सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागों के विशेषज्ञों ने मिलकर उपचार की रणनीति बनाई। ऑपरेशन के दौरान गैस्ट्रोएंटरोलॉजी टीम ने व्हिपल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जबकि यूरोलॉजी टीम ने दाहिनी किडनी को पूरी तरह निकालते हुए राइट रेडिकल नेफ्रेक्टॉमी की। डॉक्टरों के अनुसार, एक ही मरीज में दो अलग-अलग प्राथमिक कैंसर का मिलना बेहद दुर्लभ होता है। ऐसे मामलों में आमतौर पर अलग-अलग समय पर सर्जरी करनी पड़ती...