Skip to main content

बेटी से कहा– यहां पुलिस पीटती है, आना मत:मऊगंज में 19 दिन बाद बेटा–बेटी के साथ सड़ी–गली लाश मिली; हत्या का आरोप

‘पिताजी से आखिरी बार 17 मार्च की सुबह बात हुई थी। कहा था- दोपहर में पुलिस वाले ने उनको बहुत मारा था। बच्चों को भी पीटा है। बेटा, घर नहीं आना। हो सकता है मुझे लेकर जाएं। हमें नहीं पता था कि पुलिस वाले उन्हें मार कर लटका देंगे। इतने छोटे-छोटे भाई-बहन कैसे फांसी लगा सकते हैं।’ यह कहना है मंजू साकेत का। मऊगंज के गड़रा गांव में शुक्रवार को उसके पिता औसेरी साकेत (55), बेटी मीनाक्षी (11) और बेटे अमन (8) के शव फंदे पर मिले हैं। शव पूरी तरह सड़ और गल चुके हैं। पुलिस का मानना है कि लाशें करीब 15 दिन से ज्यादा पुराने हो सकती हैं। इसी गांव में 15 मार्च को सनी द्विवेदी की पीट-पीटकर हत्या के बाद हुई हिंसा में एएसआई रामचरण गौतम की मौत हो गई थी। हिंसा के 19 दिन बाद गांव एक बार फिर चर्चा में है। दैनिक भास्कर ने गांव में औसेरी की बेटी मंजू साकेत, बेटा पवन साकेत, चचेरे भाई पुरुषोत्तम साकेत, कुछ गांव की महिलाओं और एसपी नीरज सोनी से बात की। परिवारवालों और गांव वालों का आरोप है कि पुलिसकर्मी घर में घुसकर पिटाई करते हैं। यहां तक कि महिलाओं और बच्चों को भी नहीं छोड़ा। हिंसा के 21 दिन बाद भी दरवाजों पर ताले, सड़कों पर सन्नाटा मऊगंज हिंसा काे 19 दिन बीत गए हैं। आज भी गड़रा गांव में बीएनएस की धारा 163 लगी है। करीब 30 का पुलिस बल (जिसमें 25 क्यूआरएफ और जिला पुलिस बल, 1-4 की गार्ड 25वीं बटालियन) दो अलग-अलग शिफ्ट में तैनात हैं। अधिकांश घरों पर ताला लटका है। सड़कें आज भी सूनी हैं। जो लोग मौजूद हैं, वे दहशत में जी रहे हैं। दहशत ऐसी कि इतने दिन तक घरों में कैद होकर रह गए हैं। कई लोग तो बाहर तक नहीं निकले। लोगों का कहना है कि पुलिस घरों से नहीं निकलने देती। गांव में बिना इजाजत आने-जाने पर रोक है। जिस घर में तीन लाशें मिली हैं, वह हिंसा वाले घर से करीब 500 मीटर दूर है। 27 अप्रैल को बेटे की शादी औसेरी लाल साकेत ने तीन शादियां की थीं। पहली शादी करीब 35 साल पहले की थी। शादी के कुछ दिन बाद पत्नी की बीमारी से मौत हो गई। करीब एक साल बाद दूसरी शादी की। दूसरी पत्नी दसोदरी साकेत से तीन बेटी और एक बेटा है। इसमें सबसे बड़ी मंजू साकेत, दूसरी पुष्पा, तीसरी चंपा और बेटा पवन साकेत है। साल 2007 में दसोदरी की भी बीमारी से मौत हो गई। बच्चों की देखभाल करने के लिए तीसरी शादी की। इससे उसे मीनाक्षी और अमन का जन्म हुआ। सात साल बाद वह भी छोड़कर चली गई। औसेरी लाल सिलाई करके पेट पालते थे। हिंसा के बाद काम बंद हो गया। बेटी बोली– पुलिसवालों ने लटका कर मार डाला बेटी मंजू साकेत ने बताया, ‘ 17 मार्च को पिताजी से सुबह बात हुई थी। उन्होंने कहा था कि बेटा घर नहीं आना। पुलिस वाले बहुत मार रहे हैं। हो सकता है मुझे लेकर जाएं। मैंने कहा था कि आप बेकसूर हैं। अगर ले जाएंगे, तो किसी दिन छोड़ेंगे। उसके बाद दूसरे दिन कॉल किया, तो मोबाइल स्विच ऑफ बताने लगा। मुझे नहीं पता था कि पुलिस वाले मार के उन्हें लटका देंगे। मेरे छोटे-छोटे भाई बहन को खुद फांसी कैसे लगा लेंगे। पुलिस वालों ने तीनों की हत्या कर दिए फंदे पर लटका दिया है।’ औसेरी के बेटा पवन साकेत ने बताया कि तीनों बहनों की शादी हो चुकी है। मेरी 27 अप्रैल को तिलक और 29 अप्रैल को शादी होनी है। इससे पहले ही घर से तीन अर्थियां उठ गईं। गांव में आने–जाने की अनुमति नहीं चचेरे भाई पुरुषोत्तम साकेत का कहना है कि 14 मार्च को भाई से मिला था, लेकिन हिंसा के बाद से गांव में आने की अनुमति नहीं मिली। इस कारण नहीं मिल सके। तीनों की हत्या के बाद फंदे पर लटकाया गया है। औसेरा के छोटे भाई रामधारी साकेत बताते हैं कि 17 मार्च की दोपहर ही भैया से मुलाकात हुई थी। इसके बाद से नहीं मिले। बहुत कोशिश की, लेकिन पुलिसवाले घर से नहीं निकलने देते थे। इस कारण हम परिवार से नहीं मिल पा रहे थे। गांव वाले बोले- पुलिस ने जमकर पीटा गांव की रहने वाली शशि कला साकेत बताती हैं, ‘मेरे पति राम कैलाश साकेत को हिंसा के आरोप में पुलिस ले गई है, जबकि वह घटना में शामिल नहीं थे। घटना के वक्त हम अपने घर में थे। बड़ा बेटा सोनू साकेत हाथ और दोनों पैर से दिव्यांग है। फिर भी रात में पुलिस वाले आए। हम दरवाजा बंद कर सो रहे थे। पुलिसकर्मियों ने गेट तोड़कर हमें निकाला। पूरे परिवार को बुरी तरह मारा। दिव्यांग बेटे को भी नहीं छोड़ा। तीसरे दिन दोपहर दोबारा पुलिस आई। दोनों बेटों सोनू और प्रभाकर समेत पति को बिना कुछ पूछताछ किए उठाकर ले गए। हम मजदूरी करते हैं। खेत में फसल खड़ी है, उसे कौन काटेगा। जानवर पूरी फसल खा गए होंगे। पति और बेटे जेल में हैं। अब भूखों मरने की नौबत है। गांव की ही रहने वाली निर्मला साकेत बताती हैं, ’ मेरे पति राम सजीवन साकेत समेत बेटा रोहत और दो भतीजे सुरेश और कृष्ण कुमार जेल में हैं। असलियत में चारों निर्दोष हैं। हिंसा वाले वक्त तो हम खेत में फसल काटने गए थे। 17 मार्च को पुलिस लोगों को मार-मारकर गाड़ी में डालकर ले गई थी। मुझे भी पीटा, जिससे हाथ में फ्रैक्चर हो गया। हमारे पास पैसे नहीं हैं। बहन ने पट्‌टी करवाई है। खेती को पशु खा रहे हैं। घर पर बच्चे रो रहे हैं। पेट पालने का साधन नहीं है। ऊपर से पुलिस वाले भी पीटते हैं। कहीं आने-जाने नहीं देते। पुलिस पर मारपीट का आरोप गलत मऊगंज एसपी दिलीप सोनी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जो भी तथ्य इसमें सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। हिंसा और इस घटना का कनेक्शन फिलहाल समझ नहीं आया है। यह पूरी तरह अलग घटना है। प्राथमिक तौर पर आत्महत्या लग रहा है। शव पूरी तरह गल चुके हैं। यह कितने पुराने है, यह नहीं कहा जा सकता है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। पुलिस द्वारा मारपीट का आरोप भी ठीक नहीं लगता। अगर ऐसा हुआ होता, तो लोग शिकायत जरूरत करते। यहां सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस के अधिकारी लगातार भ्रमण कर रहे हैं। अभी तक ऐसा कुछ भी सामने नहीं आया है। जानिए, 15 मार्च को क्या हुआ था 15 मार्च को गडरा गांव में बवाल हुआ था। तब सनी द्विवेदी नाम के युवक की आदिवासियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। साथ ही एएसआई रामचरण गौतम पर भी हमला हुआ था, जिसमें वे शहीद हो गए थे। इस घटना में 15 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हुए थे। तब से गांव में धारा 144 लागू है और पुलिस कैंप लगाकर सुरक्षा की जा रही है। ये खबरें भी पढ़ें... टीआई बोले- पुलिसकर्मी तड़पते रहे, वे बेरहमी से पीटते रहे:मऊगंज हिंसा पर कहा- 20 साल के करियर में ऐसा खौफनाक मंजर नहीं देखा मऊगंज में सनी को करंट लगाकर मारा था:आदिवासियों ने लाइट काटकर पुलिस पर किया था हमला, एसडीओपी को एक घंटे बंधक रखा सुबह पिता का फोन आया, रात को मौत की खबर:बेटे की शादी की तैयारी कर रहे थे एएसआई गौतम; मऊगंज हमले में हत्या हुई हत्या को छिपाने किया पुलिस पर हमला, एएसआई का मर्डर:मऊगंज के गांव में 100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात; मृतक के परिजन ने घर छोड़ा मऊगंज कलेक्टर अजय श्रीवास्तव, एसपी रसना ठाकुर को हटाया:2015 बैच के IAS संजय कुमार जैन को जिले की जिम्मेदारी, दिलीप सोनी बने एसपी मऊगंज हमले में जान गंवाने वाले एएसआई पंचतत्व में विलीन:आदिवासी परिवार ने की थी हत्या; सीएम ने कहा-शहीद का दर्जा मिलेगा, परिवार को 1 करोड़

from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/vaemEbT
via IFTTT

Comments

Popular posts from this blog

इंदौर में नाबालिग का अपहरण, अप्राकृतिक कृत्य किया:बाणगंगा इलाके का मामला, तीन आरोपियों पर एफआईआर दर्ज

इंदौर के बाणगंगा इलाके में एक नाबालिग छात्र के साथ अप्राकृतिक कृत्य का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने उसके तीन दोस्तों के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक 10वीं के छात्र ने शिकायत में बताया कि गुरुवार रात वह घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान उसके दोस्त गणेश, दिव्यांश और तुषार वहां पहुंचे और उसे घूमने चलने के बहाने रेलवे पटरी के पास ले गए। वहां तीनों ने उसके साथ मारपीट की और कहा कि “तू कॉलोनी में ज्यादा दादा बनता है।” आरोप है कि इसके बाद गणेश ने कपड़े उतारकर गलत हरकत करने का दबाव बनाया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसे ट्रेन के नीचे फेंकने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक तीनों आरोपियों ने उसके साथ अप्राकृतिक कृत्य किया। मौका मिलने पर वह वहां से भाग निकला। रास्ते में उसने एक दोस्त को पूरी घटना बताई, लेकिन डर के कारण थाने नहीं गया। घर पहुंचने के बाद उसकी मां ने शरीर पर चोट के निशान देखे और पूछताछ की। तब छात्र ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिवार उसे लेकर थाने पहुंचा, जहां तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस मामले की जांच क...

इंदौर में अंडरग्राउंड मेट्रो को लेकर कलेक्टर के समक्ष सुनवाई:सामाजिक कार्यकर्ता बोले- भूजल, हेरिटेज और व्यापार पर असर होगा; अलाइनमेंट बदलाव पर भी आपत्ति

शहर में अंडरग्राउंड मेट्रो प्रोजेक्ट को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता किशोर कोडवानी ने मंगलवार को कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष गंभीर आपत्तियां दर्ज कराई हैं। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद कोडवानी को अपना पक्ष रखने का अवसर दिया गया, जिसके तहत मेट्रो अधिकारियों के साथ कलेक्टर के समक्ष सुनवाई हुई। कोडवानी ने कहा कि मेट्रो प्रोजेक्ट के तहत किए जा रहे कामों से भूजल स्तर पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है और इससे संपूर्ण जल प्रणाली प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने आरोप लगाया कि पर्यावरण प्रभाव आकलन की आवश्यक रिपोर्ट लिए बिना ही काम को आगे बढ़ाया जा रहा है। अनुमतियों को लेकर उठाए सवाल उन्होंने मेट्रो अधिकारियों पर आवश्यक अनुमतियां नहीं लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि केवल ओपिनियन लेना पर्याप्त नहीं है। विशेष रूप से हेरिटेज क्षेत्र से संबंधित नियमों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि 300 मीटर की परिधि में निर्माण कार्य पर प्रतिबंध है, जिसका पालन स्पष्ट रूप से नहीं किया जा रहा। अलाइनमेंट में बदलाव पर भी आपत्ति कोडवानी ने मेट्रो रूट के बार-बार बदलने को लेकर भी सवाल उठाए। उनका कहना था कि प्र...

एक ही ऑपरेशन में दो कैंसर का इलाज:एम्स में व्हिपल प्रक्रिया और किडनी सर्जरी साथ कर डॉक्टरों ने रचा मेडिकल इतिहास

राजधानी के एम्स भोपाल ने जटिल कैंसर उपचार के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यहां 52 वर्षीय मरीज के शरीर में एक साथ पनपे दो अलग-अलग प्राथमिक कैंसर का एक ही ऑपरेशन में सफल इलाज कर डॉक्टरों ने नई मिसाल कायम की है। यह मामला चिकित्सा विज्ञान में बेहद दुर्लभ माना जाता है। मरीज को पित्त नली का कैंसर (कोलेंजियोकार्सिनोमा) और किडनी कैंसर (रीनल सेल कार्सिनोमा) दोनों एक साथ थे। डॉक्टरों की बहुविषयक टीम ने चुनौती स्वीकार करते हुए एक ही सर्जरी में दोनों कैंसर को पूरी तरह निकाल दिया। वर्तमान में मरीज तेजी से स्वस्थ हो रहा है। दो विभागों की संयुक्त टीम ने संभाली कमान यूरोलॉजी और सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभागों के विशेषज्ञों ने मिलकर उपचार की रणनीति बनाई। ऑपरेशन के दौरान गैस्ट्रोएंटरोलॉजी टीम ने व्हिपल प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया, जबकि यूरोलॉजी टीम ने दाहिनी किडनी को पूरी तरह निकालते हुए राइट रेडिकल नेफ्रेक्टॉमी की। डॉक्टरों के अनुसार, एक ही मरीज में दो अलग-अलग प्राथमिक कैंसर का मिलना बेहद दुर्लभ होता है। ऐसे मामलों में आमतौर पर अलग-अलग समय पर सर्जरी करनी पड़ती...