पन्ना में अतिक्रमण हटाने गई टीम पर पथराव:जेसीबी ऑपरेटर को सिर में चोट, दोनों पक्ष के लोग थाने पहुंचे
पन्ना में शनिवार शाम अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान जगात चौकी के पास नगर पालिका की टीम पर भीड़ ने पथराव कर दिया, जिससे जेसीबी के चालक जयपाल सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पथराव में जेसीबी का कांच भी टूट गया। घायल चालक को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलते ही नगरपालिका के सीएमओ शशिकपूर गढ़पाले मौके पर पहुंचे और पूरी टीम कोतवाली गई, जहां एफआईआर दर्ज कराने की मांग की जा रही है। मामला इसलिए और गंभीर हो गया क्योंकि जिस मकान पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जा रही थी, वह भाजपा कार्यकर्ता का है। स्थिति को देखते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतानंद गौतम मकान मालिक के समर्थन में कोतवाली पहुंचे। वहीं दूसरी तरफ नगरपालिका अध्यक्ष पति और पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह के प्रतिनिधि विष्णु पांडेय भी मौजूद हैं। रात साढ़े 8 बजे तक दोनों पक्षों के बीच समझौते की कोशिशें जारी हैं। आज दिन में भी पन्ना पहाड़ीखेड़ा मार्ग स्थित गल्ला मंडी के पास अतिक्रमण हटाने गई टीम के साथ मकान मालिक के परिजनों से विवाद हुआ था। फिलहाल मामले में कोई एफआईआर दर्ज नहीं की गई है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/ADje0US
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/ADje0US
via IFTTT
Comments
Post a Comment