खराब ट्रांसफॉर्मर से तार निकालकर चला रहे काम:करोड़पति बिजली कंपनी में कॉपर वायर की तंगी, फॉल्ट के बाद इसीलिए घंटों गुल रहती है बिजली
करोड़पति बिजली कंपनी के पास इन दिनों कॉपर वायर की ऐसी तंगी है कि खराब ट्रांसफॉर्मर से तार निकालकर काम चलाना पड़ रहा। पर्याप्त तार नहीं होने से फॉल्ट के बाद गुल बिजली घंटों तक नहीं आ रही। कंपनी ने पिछले वित्तीय वर्ष में 11 हजार 344 करोड़ रुपए की बिल वसूली की थी। अकेले इंदौर शहर से ही कंपनी को 1200 करोड़ रुपए मिले थे। इतनी भारी-भरकम कमाई के बाद भी कंपनी भीषण गर्मी में लोगों को नियमित सप्लाय नहीं कर पा रही है। झुलसाने वाली गर्मी में पूरे शहर में लोड बढ़ते ही फॉल्ट हो रहे हैं, बिजली गुल हो रही है। कभी एक तो कभी दो घंटे बाद चालू होती है। जोन कार्यालयों पर इस लेटलतीफी की पड़ताल की तो पता चला फॉल्ट की शिकायत आने पर सहायक, जूनियर इंजीनियर, लाइनमैन, हेल्पर को पहले तो उपकरण की जुगाड़ करना पड़ती है। इसके बाद प्राथमिकता देखी जाती है कि पहले किस शिकायत को अटैंड किया जाए। ज्यादातर शिकायत ट्रांसफॉर्मर के नीचे लगी डीपी में कॉपर वायर जलने की आ रही है। 10 में से 8 शिकायतें इसी की होती हैं। 32 जोन, हरेक में 2 किलो तार चाहिए हर जोन में 400 से ज्यादा डीपी हैं, लेकिन कटआउट में महज 10 के लिए ही कॉपर वायर मिल पा रहा है। स्थिति इतनी खराब हो गई कि पोलोग्राउंड स्थित स्टोर में खराब पड़े ट्रांसफॉर्मर के अंदर से कॉपर वायर निकालकर उपयोग किया जा रहा। बिजली कंपनी के शहर में 32 जोन हैं। हर जोन में औसत दो किलो कॉपर वायर की जरूरत रोज होती है। बचत में भी कुछ वायर रख जाता है, लेकिन जोन कार्यालयों को 700 से 800 ग्राम ही फ्रेश कॉपर वायर मिल रहा है। वहीं खराब ट्रांसफॉर्मर का कॉपर वायर 10-10 किलो तक भेजा जा रहा है, लेकिन इसकी क्वालिटी इतनी खराब है कि लगाने कुछ समय बाद ही वायर जल जाते हैं। 8 एमएम की जरूरत, 4 का मिल रहा डीपी में कटआउट चालू करने के लिए 8 एमएम का कॉपर वायर जरूरी है, लेकिन जोन कार्यालयों पर 2 से 4 एमएम का वायर ही भेजा जा रहा है। मजबूरी में लाइनमैन, हेल्पर को वायर दो से तीन बार लपेटकर कटआउट में लगाना पड़ रहा। यही वजह है कि जरा-सा लोड बढ़ने, कटआउट गर्म होने पर फॉल्ट हो रहे। कंपनी के कॉल सेंटर की व्यवस्था भी गड़बड़ा चुकी है। फील्ड के स्टाफ ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। कॉपर वायर संबंधी इस समस्या का पूरे कंपनी स्तर पर एक-दो दिन में समाधान कर दिया जाएगा। - अमित तोमर, एमडी, बिजली कंपनी
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/4jf8Agc
via IFTTT
from मध्य प्रदेश | दैनिक भास्कर https://ift.tt/4jf8Agc
via IFTTT
Comments
Post a Comment